दतिया। विधानसभा उपचुनाव में मतदान के दिन किसी भी तरह गड़बड़ी की आशंका को देखते हुए कांग्रेस ने विशेष रणनीति तैयार की है। कांग्रेस पार्टी ने दतिया विधानसभा क्षेत्र से लगे अलग-अलग सीमावर्ती इलाकों में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की तैनाती की जिम्मेदारी तय की है। कांग्रेस की योजना के मुताबिक, मतदान के दिन दतिया विधानसभा के चारों ओर पार्टी के नेता एक्टिव रहेंगे। अपने-अपने क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियों पर नजर रखेंगे। इसके लिए नेताओं को अलग-अलग सीमावर्ती क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डबरा क्षेत्र: दतिया से सटे डबरा इलाके में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, सांसद अशोक सिंह, पूर्व मंत्री लाखन सिंह और जसवीर गुर्जर को जिम्मेदारी की गई है।
भांडेर क्षेत्र: दतिया से सटे भांडेर इलाके में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह और विधायक फूल सिंह बरैया तैनात रहेंगे।
सेवढ़ा क्षेत्र: सेवढ़ा की दतिया सीमा पर उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे, भिंड जिलाध्यक्ष और राहुल भदौरिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
दिनारा क्षेत्र: दतिया से लगे दिनारा इलाके में पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह और केपी सिंह मोर्चा संभालेंगे।
झांसी बॉर्डर: दतिया से सटी उत्तर प्रदेश की सीमा पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
