मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार संचालित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को झाबुआ विकासखंड के पिटोल स्थित दशहरा मैदान में जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री एवं जनजातीय कार्य मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य आमजन की समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों का त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना रहा।
जन-विश्वास अभियान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : मंत्री डॉ. शाह
मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान राज्य सरकार का अभिनव प्रयास है, जिसके माध्यम से प्रत्येक शुक्रवार को शासन के प्रतिनिधि, कलेक्टर एवं जिला अधिकारी आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। यह अभियान गरीबों, वंचितों एवं आम नागरिकों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जन-विश्वास अभियान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शासन के कार्यों के प्रति जनता का विश्वास सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री डॉ. शाह ने दिव्यांगजनों के लिए प्रत्येक शुक्रवार को विकासखंड मुख्यालयों पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे दिव्यांगजनों को जिला मुख्यालय तक आने की आवश्यकता न पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आधार अपडेट एवं समग्र ई-केवाईसी के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही इन प्रक्रियाओं के अभाव में शासकीय योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि प्रत्येक पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध हो। जिले में कोई भी पात्र परिवार कच्चे एवं असुरक्षित आवास में रहने को मजबूर न हो, इसके लिए आवास निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए।
मंत्री डॉ. शाह ने शिक्षा सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए बताया कि जिले में वर्तमान में 7 सांदीपनि विद्यालय संचालित हैं। उन्होंने जिले के 6 विकासखंडों में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से 6 विद्यालयों के निर्माण की घोषणा की। साथ ही कलेक्टर को स्थानीय आवश्यकताओं एवं मांग के आधार पर परीक्षण कर अतिरिक्त सांदीपनि विद्यालयों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि बस संचालन में स्थानीय जनजातीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। जिन युवाओं के पास व्यावसायिक ड्राइविंग लाइसेंस हैं, उन्हें आदिवासी वित्त विकास निगम के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाएगा। उन्होंने विद्यालयों में शिविर लगाकर पात्र युवाओं के ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने तथा जनजातीय युवाओं को व्यावसायिक लाइसेंस प्राप्त करने में सहयोग देने के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं को भी वाहन संचालन का प्रशिक्षण देकर महिला चालकों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों तक शासन की योजनाएं पहुंचाना अभियान का उद्देश्य : मंत्री सुश्री भूरिया
महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर प्रारंभ किए गए जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार को शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक नागरिक अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए जिला मुख्यालय तक नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनके निकट ही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।
मंत्री सुश्री भूरिया ने जिले में कम वर्षा की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए जल चौपाल का आयोजन किया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को जल संरक्षण, पानी के विवेकपूर्ण उपयोग एवं कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए जल संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
